
कारोबारियों, डॉक्टरों व अन्य से रंगदारी वसूलने वाले अपराधी गिरफ्तार!
पटना सिटी, (खौफ 24) कारोबारियों, डॉक्टरों व अन्य से रंगदारी वसूलने वाले कुख्यात मो. चांद उर्फ आफताब, उसके सहयोगी अभिषेक कुमार वर्मा उर्फ अभिषेक मेहता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस औरंगाबाद से इन दोनों के पीछे लगी थी। चांद और अभिषेक मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, जमशेदपुर में रहकर अपने लोगों को भेजकर रंगदारी वसूलते थे। मना करने पर हत्या की धमकी देते थे। हर माह दोनों पटना सिटी के कारोबारियों, डॉक्टरों व अन्य लोगों से चार से पांच लाख रुपए वसूलते थे।
चांद और अभिषेक की निशानदेही पर पुलिस ने हथियार सप्लायर अमन कुमार को कंकड़बाग आऔर चिंटू खान व प्रिंस कुमार को पटना सिटी से गिरफ्तार किया। महेंद्रू निवासी चांद पर दो लाख का इनाम है। वह साल 2011 से फरार चल रहा था। अभिषेक पर 50 हजार का इनाम है। वह अगमकुआं का है। हथियार सप्लायर अमन कुमार कंकड़बाग के अशोकनगर का है। स्पॉट पर लोगों से रंगदारी वसूलने वाला चिंटू खान खाजेकलां में रहता है। सहरसा निवासी प्रिंस भी पटना सिटी में ही रहता है। इन लोगों के पास से दो पिस्टल, दो रिवाल्वर, 27 कारतूस, 1 मोबाइल और 9 हजार कैश बरामद हुए।