
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 358वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 358वें प्रकाश पर्व पर पटनासिटी में भव्य नगर कीर्तन निकाली गई। जिसमें देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा गायघाट से हुई, जहाँ पहले विशेष दीवान सजाया गया। इसके बाद पंच प्यारे साहिबानों की अगुवाई में नगर कीर्तन का शुभारंभ किया गया। पालकी साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में पंच प्यारे साहिबानों और जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने सेवा निभाई। इस दौरान “बोले सो निहाल” के गगनभेदी जयकारों और गुरबाणी के कीर्तन से पूरा पटना भक्तिमय हो उठा।

गुरु महाराज की लाडली फौज और बाबा अवतार सिंह बिधीचंद संप्रदाय ने अपने पूरे दल-बल के साथ नगर कीर्तन में भाग लिया। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और उत्साह के साथ नगर कीर्तन में शामिल हुए। तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही और महासचिव इंद्रजीत सिंह ने जानकारी दी कि इस आयोजन का उद्देश्य गुरु महाराज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। पटना की धरती पर इस ऐतिहासिक आयोजन ने गुरु महाराज के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए एकता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया है।