
दंगल प्रतियोगिता, महिला पहलवानों का बढ़ता उत्साह
नालंदा, अन्नू | जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल राजगीर में आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिता एक बार फिर सुर्खियों में है। हजारों साल पहले मगध साम्राज्य के राजा जरासंध और पांडवों की ओर से भीम के बीच हुए ऐतिहासिक मल्लयुद्ध की स्मृति में इस दंगल का आयोजन आज भी किया जाता है।
हर साल मकर संक्रांति मेला और राजगीर महोत्सव के अवसर पर मेला थाना परिसर में इस दंगल का आयोजन पर्यटन विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से किया जाता है। इस प्रतियोगिता में बिहार के अलावा मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और झारखंड समेत कई राज्यों के पहलवान भाग लेते हैं। विजेताओं को सर्टिफिकेट और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है।
इस साल की प्रतियोगिता में महिला पहलवानों का खासा उत्साह देखने को मिला। हरियाणा से आई महिला पहलवान सोनम ने बताया कि शुरुआत में गांव में पहलवानी सीखने पर लोगों की तरह-तरह की बातें सुननी पड़ीं, लेकिन अब वह अपनी मेहनत और लगन से इस मुकाम पर पहुंची हैं।
वहीं, पटना से आई एक अन्य महिला पहलवान ने कहा, अगर पुरुष पहलवानी कर सकते हैं, तो हम क्यों नहीं? हम भी अपनी ताकत से अच्छे पहलवानों को चुनौती देते हैं। उन्होंने अन्य लड़कियों से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ पहलवानी में भी रुचि लें और इस क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएं।
राजगीर का यह दंगल न केवल ऐतिहासिक परंपराओं को जीवित रखता है, बल्कि नई पीढ़ी के पहलवानों को प्रेरित भी करता है।