
अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण : जिलाधिकारी
पटना, (खौफ 24) जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज वरीय पदाधिकारियों के साथ दानापुर अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया तथा विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था संधारण का अनुश्रवण किया गया। उन्होंने लोगों से फीडबैक एवं सुझाव भी प्राप्त किया। लोगों द्वारा योजनाओं के तीव्र गति से तथा बेहतर ढंग से क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के उद्देश्यों के अनुसार जिला प्रशासन, पटना द्वारा लोगों की आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं के अनुरूप पूरे जिला में योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर अनुमंडल पदाधिकारियों तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को नियमित तौर पर जनता से संवाद स्थापित करने का निदेश दिया गया है ताकि उनका सुझाव, उनकी समस्या एवं फीडबैक के बारे में जानकारी प्राप्त हो।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि दानापुर अनुमंडल सहित सम्पूर्ण पटना जिला में जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क एवं पुल का निर्माण किया जा रहा है। यातायात प्रबंधन के लिए सतत प्रयास किया जा रहा है। गाँवों एवं शहरों के सौन्दर्यीकरण के लिए अनेक योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। दानापुर अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में भी ऐसे कई परियोजनाएँ चल रही है। जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिवाला-नौबतपुर पथ पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण परियोजना, उसरी-छितनावॉ पथ निर्माण परियोजना, हाथीखाना मोड़-चांदमारी पथ चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना, बिहटा सैन्य हवाई अड्डा पर सिविल इन्क्लेव निर्माण, दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडॉर सहित क्षेत्र विकास की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
इन्हीं योजनाओं में प्रगति का जायजा लेने के लिए आज अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। पूर्व में भी उन्होंने निरीक्षण किया था। आज के निरीक्षण में देखा गया कि पथ-पुल के निर्माण कार्यों में काफी अच्छी प्रगति है। इसे समय से पूरा कर लिया जाएगा। जो भी समस्याएँ आ रही थी उसे पूर्व में निरीक्षण के समय ऑन स्पॉट हल कर दिया गया था । अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को प्रगति पर नजर रखने का निदेश दिया गया है। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से जनता को उत्कृष्ट सुविधाएँ उपलब्ध होगी। अनुमंडल पदाधिकारी, दानापुर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक, दानापुर को नियमित तौर पर प्रभावी ढंग से अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाने, विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन का सतत पर्यवेक्षण करने एवं सुचारू यातायात-प्रबंधन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है।
- शिवाला-नौबतपुर पथ पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण परियोजनाः- जिलाधिकारी ने कहा कि शिवाला-नौबतपुर पथ पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण परियोजना का आज निरीक्षण किया गया। शिवाला (दानापुर) एवं नेउरा (नौबतपुर रोड) रेलवे स्टेशन के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या-38 बी (रेलवे किलोमीटर 557/17-19) की जगह पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा वायाडक्ट एवं आरओबी के एप्रोच रोड का निर्माण किया जा रहा है। पुल की लम्बाई 333.21 मीटर तथा एप्रोच रोड की लम्बाई 322.35 मीटर है। 06 जुलाई, 2022 को इसका निर्माण प्रारंभ हुआ है। कार्यों में भौतिक प्रगति के निरीक्षण में पाया गया कि कार्य पूर्ण है। फिनिशिंग टच दिया जा रहा है। इसके बन जाने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में जाम की समस्या का भी बहुत हद तक समाधान हो जाएगा। ओवरब्रिज के पास दरियापुर मैनपुरा के ग्रामीणों से भी आज बातचीत की गई। उनलोगों ने इसके निर्माण पर काफी खुशी व्यक्त की है। अधिकारियों को ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत पोल को शिफ्ट करने का निदेश दिया गया है।
- उसरी-छितनावॉ पथ परियोजनाः जिलाधिकारी ने कहा कि छितनावॉ (एनएच-30) से उसरी (दानापुर-उसरी-शिवाला पथ) बाईपास सड़क का विकास कार्य चल रहा है। पथ निर्माण विभाग द्वारा इसके उन्नयन का कार्य किया जा रहा है। इसकी लंबाई 7.10 किलोमीटर है। कैरेजवे चौड़ाई 7 मीटर (टू लेन) है। सीआरआईएफ के तहत इसका निर्माण हो रहा है। परियोजना दिनांक 08.02.2023 को प्रारंभ हुई थी। इसका निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। यह पथ छितनावॉ (एनएच-30) को उसरी (उसरी-शिवाला पथ) से जोडता है। इसे शीघ्र क्रियाशील किया जाना प्रक्रियाधीन है। यह रास्ता दानापुर कैन्टोनमेंट क्षेत्र के लिए बाईपास का कार्य करेगा। आम जनता को इसके बनने से बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। मनेर एवं दानापुर प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों यथा खासपुर, बलुआ, रघुरामपुर, मुबारकपुर, हथियाकंद एवं जमसौत के लोगों को काम करने में काफी आसानी होगी। पटना आना-जाना सुलभ हो जाएगा तथा पथ के आरेखन में पड़ने वाले क्षेत्रों का विकास होगा। उसरी-छितनावां पथ परियोजना के लोदीपुर चांदमारी टी-प्वाइंट पर आरसीडी के कार्यपालक अभियंता को स्लोप को ठीक करने का निर्देश दिया गया है। विद्युत विभाग के अभियंताओं को ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत पोल को शिफ्ट करने का निदेश दिया गया है।
- हाथीखाना मोड़-चांदमारी पथ चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजनाः इसका निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, पटना द्वारा किया जा रहा है। तुरहा टोली, कुही मोड़, खिरनीचक मोड़, रघुरामपुर पुल तथा डीपीएस स्कूल लोदीपुर से होकर इसका निर्माण होगा। पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के साथ दो एचएल आरसीसी पुलों का निर्माण होगा। परियोजना की कुल लंबाई 4,380 मीटर है जिसमें 3,904 मीटर चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण; 400 मीटर ग्रीन फील्ड सड़क तथा 76 मीटर एचएल आरसीसी पुलों की लंबाई है। जिलाधिकारी ने कहा कि इसके बनने से आस-पास के निवासियों के साथ-साथ अन्य लोगों को भी आने-जाने के लिए अच्छी सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। निर्माण कार्य में भौतिक प्रगति काफी अच्छी है। तेजी से कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना दिनांक 30.12.2023 को प्रारंभ हुआ। इसकी पूर्णता की निर्धारित तिथि 29.06.2025 है परन्तु जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि इससे पूर्व इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाए ताकि आम जनता को इसकी सुविधा जल्दी प्राप्त हो। निरीक्षण में पाया गया कि कार्यों में भौतिक प्रगति काफ़ी अच्छी है।फाउंडेशन, सबस्ट्रक्चर एवं सुपरस्ट्रक्चर का कार्य सौ प्रतिशत पूरा हो चुका है। एप्रोच रोड का काम भी अस्सी प्रतिशत पूरा हो गया है। अभियंताओं को हाथीखाना मोड़-चांदमारी-लोदीपुर पथ का निर्माण कार्य तेजी से करने का निर्देश दिया गया है।
- पटना रिंग रोड के शेरपुर-दिघवारा भाग के निर्माणाधीन 6-लेन गंगा सेतु एवं पथ: जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों के साथ पटना रिंग रोड के शेरपुर-दिघवारा भाग के निर्माणाधीन 6-लेन गंगा सेतु एवं पथ का निरीक्षण किया गया। यह 6-लेन पथ दिघवारा-शेरपुर-बिहटा-रामनगर-दीदारगंज-कच्ची दरगाह-बिदूपुर से गुजरते हुए पटना रिंग रोड के रूप में कार्य करेगा।
- सगुना मोड़, गोला रोड, रूपसपुर नहर पथ के चौड़ीकरण एवं जेपी गंगा पथ के प्रस्तावित विस्तार हेतु स्थल निरीक्षण: जिलाधिकारी द्वारा सगुना मोड़, गोला रोड, रूपसपुर नहर पथ के चौड़ीकरण एवं जेपी गंगा पथ के प्रस्तावित विस्तार हेतु स्थल निरीक्षण किया गया तथा लोगों से सुझाव प्राप्त किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. सिंह द्वारा सभी पदाधिकारियों को जनहित के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं ससमय पूरा करने का निदेश दिया गया है।