
आटो की ठोकर से बुलेट बाइक पर सवार दो युवक की मौत,एक घायल
जमुई(अंजुम आलम): चकाई- गिरिडीह मुख्य मार्ग पर चकाई थाना क्षेत्र के जम्हरा मोड़ के समीप शुक्रवार की देर रात तेज रफ्तार ऑटो की ठोकर से बुल्लेट बाइक पर सवार दो युवक की घटना स्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बुलेट पर सवार एक युवक घायल हो गया। सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस के द्वारा घटना की जांच पड़ताल की गई और दोनो युवक के शव को कागजी प्रक्रिया पूरी कर शनिवार की अहले सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जबकि घायल युवक का इलाज सोनो के एक निजी क्लिनिक में चल रहा है। वहीं सदर अस्पताल में डाक्टर के द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतक युवक की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के गिद्धौर के वार्ड संख्या दो निवासी नंदकिशोर शर्मा के 23 वर्षीय पुत्र मुन्ना शर्मा और गिद्धौर के वार्ड संख्या एक निवासी सुशील कुमार सिंह के पुत्र सौरव कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान यूपी निवासी इंद्रजीत कुमार सिंह के 27 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार सिंह के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि तीनो युवक एक बुलेट बाइक पर सवार होकर पूजा अर्चना के लिए देवघर गए हुए थे। इस क्रम में पूजा अर्चना करने के बाद वे लोग वापस बुलेट बाइक से चकाई के रास्ते लौट रहे थे। लेकिन तीनो युवक लौटने के दौरान रात ज्यादा होने की वजह से रास्ता भटक गए और चकाई- गिरिडीह मुख्य मार्ग पर चले गए। झारखंड सीमा के समीप जब लोगों को अहसास हुआ कि वे लोग रास्ता भटक गए हैं तो वे लोग पुनः वापस चकाई की ओर लौट रहे थे। इसी क्रम में जमहरा मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे आटो से उनकी बुलेट बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें बुलेट बाइक पर सवार दो साथी युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं मृतक मुन्ना शर्मा तीन भाइयों में बड़ा भाई था जबकि सौरव कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। युवक की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।