
ट्रैक्टर की टक्कर से पुलिस वाहन चालक की हुई मौत, महिला दरोगा सहित चार पुलिस कर्मी घायल!
जमुई, अंजुम आलम सिकंदरा मुख्य मार्ग पर कैथवारा गांव के पास सोमवार की देर शाम तेज दफ्तर ट्रैक्टर की टक्कर से पुलिस की बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में चालक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन पर सवार महिला दारोगा सहित चार पुलिस कर्मी बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मियों द्वारा आनन- फानन में मृतक चालक के शव के साथ सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला दरोगा और एक पुलिस कर्मी को पटना रेफर कर दिया गया।
मृतक चालक की पहचान 50 वर्षीय महेंद्र यादव के रुप में हुई है, जबकि घायलों में दरोगा अमलेश कुमार की पत्नी लक्ष्मी देवी, होमगार्ड धर्मेंद्र कुमार, अमित कुमार सिंह और जनार्दन कुमार के रूप में हुई है। सभी पुलिस कर्मी सिकंदरा थाना में कार्यरत हैं। वहीं दुर्घटना की सूचना पर एसपी चंद्रप्रकाश सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिए। बारी- बारी से उनके निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया गया। महिला दरोगा और एक होमगार्ड जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना भेजा गया।
बताया जाता है कि मृतक महेंद्र यादव डायल 112 पुलिस की बोलेरो वाहन के चालक थे। सोमवार की शाम वे सिकंदरा थाना की बोलेरो वाहन चला रहे थे। गश्ती के दौरान बोलेरो वाहन महादेव सिमरिया की ओर से सिकंदरा की ओर जा रही थी। जैसे ही कैथवारा के पास बोलेरो वाहन पहुंची तभी तेज रफ्तार पाइप लदा ट्रैक्टर असंतुलित होकर जोरदार टक्कर मारते हुए फरार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए। जिससे चालक की मौत हो गई और महिला दरोगा सहित चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। फिलहाल रेफर हुए महिला दरोगा और एक होमगार्ड जवान की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस द्वारा मृतक चालक के शव का पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।