
तनिष्क लूटकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढ़ेर
अररिया, रंजीत ठाकुर पूर्णिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने थलहा नहर के पास घेराबंदी की। इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई। एनकाउंटर में पूर्णिया तनिष्क लूटकांड का आरोपी और कुख्यात अपराधी चुनमुन झा को तीन गोलियां लगीं। उसे घायल अवस्था में अररिया सदर अस्पताल लाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजलिसपुर, पलासी निवासी चुनमुन झा कई लूटकांडों का मास्टरमाइंड है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने गैंग के साथ नरपतगंज के थलहा में छिपा है। इसे पकड़ने के लिए पटना एसटीएफ की टीम अररिया पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से थलहा नहर के पास दबिश दी गई। अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। चुनमुन झा के पैर और सीने में तीन गोलियां लगीं, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। और अपराधी की मौत हो गई।
इस मुठभेड़ में नरपतगंज थानेदार कुमार विकास और एसटीएफ के जवान मो. मुश्ताक, शहाबुद्दीन घायल हुए। स्थानीय लोग मेहनाज प्रवीण और अजमुन खातून को भी चोटें आईं। एक अन्य अपराधी के पैर में गोली लगी, लेकिन वह फरार हो गया।