
प्रशासन की कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न
अररिया, रंजीत ठाकुर : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के 398 मतदान केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान किया गया। मंगलवार की सुबह सात बजे विभिन्न बूथों पर मतदान शुरू होते ही महिला और पुरूष मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। इस दौरान नरपतगंज विधानसभा के आदर्श मध्य विद्यालय नरपतगंज बूथ संख्या 111 पर भाजपा प्रत्याशी देवंती यादव ने मतदान किया। वहीं नरपतगंज विधानसभा के मध्य विद्यालय कन्हेली बूथ संख्या 199 पर राजद प्रत्याशी मनीष यादव ने अपनी पत्नी मनीषा यादव खाबदह पंचायत की मुखिया के साथ मतदान किया। जबकि नरपतगंज विधानसभा के पंचायत भवन खुजरी बूथ संख्या 366 पर निर्दलीय प्रत्याशी अनिल कुमार यादव ने मतदान किया।
इसी प्रकार सभी उम्मीदवारों ने अपना अपना मतदान किया। जबकि धीरे-धीरे जब समय बढ़ता गया तो मतदाता में उत्साह बढ़ता गया। वहीं दोपहर में मतदान बूथ पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह ग्यारह बजे तक 32.91 प्रतिशत मतदान व एक बजे 47.71 प्रतिशत एवं तीन बजे तक 56 प्रतिशत मतदाताओं के द्वारा मतदान का प्रयोग किया गया। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने को लेकर प्रशासन के द्वारा पुख्ता व्यवस्था किया गया था। नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में 35 कर्मियों की तैनाती की गई थी जो क्षेत्र के एक-एक मतदान बूथ का प्रतिशत व जानकारी ले रहे थे।
वहीं कोई समस्या होने पर समाधान किया जा रहा था। वहीं मतदान प्रारंभ होने के बाद नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के बबुआन पंचायत के महेशपट्टी मतदान केंद्र संख्या 14 पर भीभीपेड में खराबी के कारण एक घंटा दस मिनट विलंब से मतदान शुरू किया गया हालांकि इस दौरान वहां पर महिलाओं की लंबी कतारे लग गई थी।कई मतदान केंद्रो पर टेंट नहीं लगाए जाने के कारण धूप में खड़ा होकर मतदान करते नजर आए मतदाता वहीं उसी मतदान बूथ पर एक महिला के द्वारा अपने बच्चों को गोद में लेकर मतदान करते देखे गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार, अंचल पदाधिकारी रामउदगार चौपाल, नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार, फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मोर्य, घूरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार के अलावे सभी पेट्रोलिंग पार्टी शांतिपूर्ण मतदान करवाने को लेकर क्षेत्र में गस्त करते रहे। हालांकि इस दौरान महिलाओं में गजब का उत्साह रहा सभी बूथों पर महिलाओं की अधिक भागीदारी देखने को मिला। कई मतदान केंद्र पर कई सुविधाएं नहीं थी। बूथ पर सेल्फी प्वाइंट नहीं रहने के कारण नए युवा एवं युवतियां वोटर में नाराजगी देखी गई हालांकि मतदान केंद्र के बाहर ही युवा मतदाताओं ने सेल्फी लेकर इंटरनेट मीडिया पर डाल रहे थे। अररिया के जोकीहाट विधानसभा, सिकटी विधानसभा, अररिया विधानसभा, रानीगंज विधानसभा, फारबिसगंज विधानसभा में भय मुक्त, शांतिपूर्ण , निष्पक्ष चुनाव कराने में अररिया प्रशासन की अहम भूमिका रही है।