
महिलाएं श्रृंगारित होकर सावन की मस्ती में झूमती हुई
पटना, (खौफ 24) मारवाड़ी महिला समिति, पटना सिटी शाखा की ओर से सावन मिलन समारोह का आयोजन बाईपास स्थित एक निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी महिलाएं हरे परिधानों में श्रृंगारित होकर सावन की मस्ती में झूमती नजर आईं। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि 16 श्रृंगार में सजी महिलाओं ने सावन के पारंपरिक और फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। ‘चूड़ी बजा ना देगी कंगन’ जैसे गीतों पर महिलाओं के थिरकते कदमों ने सभी का मन मोह लिया।
महिलाओं की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। मंच से “हर-हर महादेव” के जयकारे भी गूंजते रहे। इस अवसर पर डांस, ड्रामा, गेम्स और क्वीन प्रतियोगिता जैसी रंगारंग गतिविधियाँ आयोजित की गईं। समिति की अध्यक्ष विनीता डोकानिया ने कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण व प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा और यह आयोजन महिलाओं के लिए मनोरंजन, सामाजिक एकता और जागरूकता का माध्यम बना।