पटना। बिहार के शिक्षकों को पूर्ण वेतनमान सहित शिक्षक हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर BRVAS की पटना जिला इकाई ने जनप्रतिनिधियों तक अपनी मांग पहुंचाने का अभियान तेज किया है। इसी क्रम में शिक्षिका रत्ना राज, प्रियंका कुमारी, मनीष कुमार, आनंद कुमार सहित शिक्षकों ने पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह सचेतक रत्नेश कुशवाहा से शिक्षकों की पूर्ण वेतनमान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने आश्वस्त करते हुए कहा कि इस विषय को प्रभावी ढंग से विधानसभा में उठाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों के लिए 7वें वेतन आयोग के अनुरूप उचित वेतनमान एवं Pay Level निर्धारित करने की मांग रखी। ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षकों की योग्यता, कार्य की प्रकृति, दायित्व और सेवा-उत्तरदायित्व को ध्यान में रखते हुए Level-6 से Level-9 तक उपयुक्त Pay Level निर्धारित किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार शिक्षकों की आर्थिक स्थिति, वेतन एवं सेवा-सम्मान का विषय केवल कर्मचारियों से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के भविष्य से भी जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। शिक्षकों ने वर्तमान वेतन व्यवस्था में मौजूद विसंगतियों की समीक्षा कर न्यायसंगत वेतन संरचना सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से विधानसभा में शिक्षकों के लिए 7वें वेतन आयोग के अनुरूप Pay Level निर्धारित करने की मांग उठाने, वर्तमान वेतन व्यवस्था की विसंगतियों की समीक्षा करने, निर्धारित Pay Level के अनुरूप वेतन पुनर्निर्धारण एवं वित्तीय लाभ देने तथा इस विषय को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष रखकर समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शिक्षक आंदोलन के बजाय संवाद के माध्यम से अपनी वर्षों पुरानी वेतनमान की मांग का सम्मानजनक समाधान चाहते हैं। उन्होंने विधायक से इस विषय को विधानसभा में उठाने की अपेक्षा जताई। प्रतिनिधिमंडल में शामिल शिक्षिका रत्ना राज के अनुसार, विधायक रत्नेश कुशवाहा ने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस विषय को प्रभावी ढंग से विधानसभा में उठाया जाएगा। ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि वे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारियों का लगातार निर्वहन कर रहे हैं और अब अपनी वेतन संबंधी मांग के समाधान की अपेक्षा जनप्रतिनिधियों एवं सरकार से कर रहे हैं।